द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। असगोली सहित आसपास के क्षेत्रों में पेयजल किल्लत के चलते लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने जल संस्थान पर क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि असगोली-परखोला पाइप लाइन लंबे समय से जीर्णशीर्ण हालत में हैं। जबकि, इस संबंध में जल संस्थान को कई बार सूचना दी गई। दो मई को संस्थान के अधिकारियों ने पाइप लाइनों का निरीक्षण कर तीन दिन के भीतर पानी की आपूर्ति करने का आश्वासन दिया था। लेकिन, अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
इस योजना से 15 व्यक्तिगत, तीन सार्वजनिक संयोजनों के अलावा राजकीय इंटर कालेज असगोली, एएनएम सेंटर, एलोपैथिक अस्पताल जुड़े हुए हैं, जहां तीन माह से संकट बना हुआ है। ग्रामीणों ने उपभोक्ताओं से दो माह का जलकर माफ करने की मांग की है। साथ ही जून तक आपूर्ति सुचारु नहीं होने पर 31 से तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। चेतावनी देने वालों में सुशीला अधिकारी, मान सिंह, रमा देवी, पान सिंह, दीवान सिंह आदि ग्रामीण थे।