मौलेखाल में टैंकर से पानी भरते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
गर्मी बढ़ने के साथ ही क्षेत्र के कई इलाकों में पानी का संकट गहरा गया है। अमर उजाला में खबर छपने के बाद जल संस्थान ने बृहस्पतिवार को मौलेखाल बाजार में पहली बार पेयजल टैंकर भेज कर पानी वितरित किया। पेयजल टैंकर पहुंचते ही पानी लेने के लिए लोगों की भीड़ टूट पड़ी। दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में पानी का संकट लगातार गहराता जा रहा है।
सल्ट तहसील के मौलेखाल, शशिखाल, प्रेमनगर, तहसील चौक, मोहरखेत, सदरखोला, घसकोट, कुन्हील, नपटुवा, औलेत, डहला, भ्याड़ी, पोखरी, देवायल, स्वास्थ्य केंद्र देवायल, हिनौला, कालीगांव, करगेत आदि इलाकों में पेयजल संकट बढ़ गया है। अमर उजाला में 16 मई को सल्ट के डेढ़ दर्जन गांवों में पानी संकट से संबंधित खबर छपने के बाद जल संस्थान हरकत में आ गया है। जल संस्थान ने बृहस्पतिवार को मौलेखाल बाजार में पहली बार पेयजल टैंकर भेजकर पानी वितरित किया। पेयजल टैंकर पहुंचते ही पानी लेने के लिए लोगों की भीड़ टूट पड़ी।
दूरस्थ गांवों में स्थिति लगातार खराब होते जा रही है। सड़क नहीं होने के कारण वहां पेयजल टैंकर नहीं पहुंच पा रहा है। गांवों में हैंडपंप भी नहीं हैं। इस कारण ग्रामीण प्राकृतिक जल स्रोतों पर ही निर्भर हैं। जल स्रोतों में पानी के लिए सुबह से ही लोगों की भीड़ जुट जा रही है। इसके बावजूद लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों का अधिकांश समय पानी जुटाने में ही बर्बाद हो जा रहा है।