वायु सेना के हेलीकाप्टर को देखने पहुंची महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
चौखुटिया (अल्मोड़ा)। चीन से दोकलम विवाद के बाद सामरिक और पर्यटन के लिहाज महत्वपूर्ण चौखुटिया में हवाई अड्डे के निर्माण के लिए वायु सेना सक्रिय हो गई है। बुधवार को वायु सेना के एयर मार्शल अरविंद बुटोला के नेतृत्व में दो हेलीकॉप्टरों से पहुंची वायु सेना के अधिकारियों की टीम ने धामदेवल से लेकर भगोती तक के क्षेत्र का निरीक्षण किया।
धामदेवल क्षेत्र अंतर्गत झलां, हाट आदि ग्राम पंचायतों की जमीन पर प्रस्तावित वायुसेना के हवाई अड्डे के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। वायु सेना का पहला हेलीकॉप्टर करीब साढे़ दस बजे बाखली खेल मैदान में उतरा, जबकि दूसरा हेलीकॉप्टर इसके ठीक एक घंटे बाद उतरा। बाखली मैदान में उतरने के बाद बरेली से आए सैन्य अधिकारियों ने भगोती, पटलगांव, हाट, झलां आदि क्षेत्रों का निरीक्षण किया। वायुसेना के एयर मार्शल अरविंद बुटोला और उड्डयन विभाग के अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान मौजूद उप जिलाधिकारी फिंचाराम चौहान से भी जानकारी ली। बाद में ऊंचाई पर स्थित लोक निर्माण विभाग के अतिथि विश्राम गृह से भी पूरे क्षेत्र का अवलोकन किया।
जानकारी के अनुसार सेना के अधिकारी क्षेत्र का सेटेलाइट मानचित्र भी अपने साथ लाए थे। वायु सेना के अधिकारी करीब दो घंटे तक निरीक्षण करने के बाद हवाई मार्ग से गढ़वाल की ओर चले गए। वायुसेना के अधिकारियों के लौटने के बाद तहसील प्रशासन राजस्व टीम के साथ धामदेवल सहित निकटवर्ती चिन्हित ग्राम पंचायतों का मानचित्र और इसके प्रभाव क्षेत्र में आने वाली भूमि का विस्तृत ब्योरा तैयार करने में जुटा रहा। बताया गया है कि प्रशासन को पूरी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजनी है।