नौकरी मिलने या सफलता पर परिजन और रिश्तेदार खुश जरूर होते हैं, लेकिन सेना में अफसर बने थाना बाजार निवासी हसन खान के स्वागत को पूरा मोहल्ला ही उमड़ पड़ा। सभी धर्म-समुदाय की पड़ोसी महिलाओं ने हसन को गले लगाया और माथा चूमा। हसन की सफलता से हर कोई स्वयं को गौरवांवित महसूस कर रहा था।
देहरादून में हुई पासिंगआडट परेड के बाद हसन अपने अम्मी और अब्बू के साथ रविवार दोपहर अल्मोड़ा पहुंचे। नगर के लोग उन्हें करबला से वाहनों के काफिले और बैंडबाजे के साथ घर तक लाए। हसन के स्वागत को थाने के पास फूलों से सजाकर भव्य गेट बनाया गया था। हसन के पहुंचते ही लोगों ने उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया। घर की गली में परिजनों ने ही नहीं हिंदू महिलाओं ने भी क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले बेटे को गले लगाया, माथा चूमा और दिल खोलकर आशीर्वाद दिया।
हसन के स्वागत में गली के दोनों तरफ काफी लोग जमा थे। खूब मिठाइयां बांटीं। हसन के पिता अकरम खान और मां रजिया बेगम की भी खुशी का ठिकाना नहीं था। बेटे के स्वागत में पहुंचे लोगों का उन्होंने आभार जताया।
इस दौरान पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी, दुग्ध संघ अध्यक्ष दीप डांगी, थानाध्यक्ष संजय गर्ब्याल, मनोज वर्मा, जगदीश पांडे, दीप जोशी, देवेंद्र बिष्ट, भारत टम्टा, सचिन टम्टा, शंकरलाल साह, रजनी टम्टा आदि मौजूद थे।