अल्मोड़ा। डीएम ने अवैध शस्त्र की तस्करी और शस्त्र लाइसेंसों के दुरुपयोग की रोकथाम के लिए जिला स्तरीय समिति के साथ बैठक की। बृहस्पतिवार को हुई बैठक में डीएम आलोक कुमार पांडेय ने जिले में स्वीकृत शस्त्र लाइसेंस का भौतिक सत्यापन करने को कहा। उन्होंने जिले की सीमाओं पर नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। डीएम ने एसडीएम को नए लाइसेंसों की अनुशंसा केवल गहन जांच पड़ताल के बाद ही करने को कहा। उन्हीं लोगों को लाइसेंस देने को कहा जिनके जीवन को वास्तविक खतरा हो और आत्मरक्षा के शस्त्र आवश्यक हो। जिले में संचालित गन हाउसों पर कड़ी निगरानी करने और उनमें सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीओ को हथियार और गोला बारूद की खरीद बिक्री के संबंध में औचक निरीक्षण और सत्यापन की कार्यवाही समय-समय पर करने के निर्देश दिए। बैठक में वर्चुअल माध्यम से एसएसपी देवेंद्र पींचा, जाॅइंट मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, एसडीएम सुनील कुमार, रिंकू बिष्ट, सीमा विश्वकर्मा रहीं।