रानीखेत (अल्मोड़ा)। पुलिस ने युवती के अपहरण के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। क्षेत्र की युवती दिसंबर 19 में लापता हो गई थी। करीब तीन माह पूर्व युवती के परिजनों ने कोतवाली में तहरीर दी थी। इसमें द्वारसौं क्षेत्र के मनबजूना गांव निवासी ललित चंद्र पर युवती के अपहरण का आरोप लगाया गया था। तभी से एसएसआई बसंती आर्या मामले की जांच कर रही थी। सर्विलांस की मदद से आरोपी के मोबाइल फोन की लोकेशन गुरुग्राम हरियाणा में मिली तो पुलिस ने वहां जाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। युवती भी उसके साथ मिली। पुलिस दोनों को रानीखेत ले आई। एसएसआई बसंती ने बताया कि दोनों को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है जबकि युवती परिजनों को सौंप दी गई।
चोरी के मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
रानीखेत। होली की छुट्टियों के दौरान जूनियर हाईस्कूल चापड़ गांव में चोरी हुई थी। चोर स्कूल के ताले तोड़कर वहां से कंप्यूटर, प्रोजेक्टर, स्पीकर आदि चुरा ले गए थे। प्रधानाध्यापक पूरन चंद्र की तहरीर के आधार पर राजस्व पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की तफ्तीश शुरू कर दी गई है।