गरुड़ (बागेश्वर)। संदिग्धावस्था में हुई प्रवासी की मौत के मामले को पुलिस ने हत्या के मामले में तरमीम कर प्रवासी की पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक प्रवासी की मौत सिर पर चोट लगने से हुई है।
थाना क्षेत्र बैजनाथ के बंड गांव निवासी जितेंद्र सिंह उर्फ दीपक सिंह नेगी (29) पुत्र लक्ष्मण सिंह नेगी मुंबई के एक होटल में काम करता था। वह मई अंतिम सप्ताह में घर लौटा था। गांव लौटने पर प्रशासन ने उसे कौसानी के एक होटल में क्वारंटीन कर दिया था। क्वारंटीन अवधि पूरी होने पर वह घर लौटा तो 11 जून को तड़के उसका शव घर के पास एक नाले में मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया था। मृतक की मां मुन्नी देवी ने पुत्र की हत्या के मामले में बहू को नामजद कराया था। थानाध्यक्ष पंकज जोशी ने गहन जांच पड़ताल के बाद प्रवासी की पत्नी दीपा नेगी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक प्रवासी की मौत सिर पर चोट लगने से हुई है। फिलहाल, पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।