क्रिकेट एकता बिष्ट ने बढ़ाया उत्साह
- फोटो : अमर उजाला
अल्मोड़ा। जय गोलू क्रिकेट क्लब की ओर से स्व. तिलक वर्मा स्मृति अल्मोड़ा प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ हो गया है। प्रतियोगिता का पहला मैच सोमवार को खेला जाएगा। रैमजे इंटर कॉलेज प्रांगण में हुए समारोह में अतिथियों ने ट्रॉफी का अनावरण किया। विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि खेलों का जीवन में बहुत महत्व है। वर्तमान में युवाओं में क्रिकेट के प्रति खासा उत्साह है। देश में खेली जाने वाली आईपीएल प्रतियोगिता में प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। तिवारी ने उम्मीद जताई कि अल्मोड़ा में होने वाली एपीएल प्रतियोगिता युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने का अवसर बनेगी। विशिष्ट अतिथि पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी, एपीएल अध्यक्ष अरुण वर्मा, सचिव राजेंद्र तिवारी आदि ने विचार रखे।
समारोह में क्रिकेटर एकता बिष्ट, कोच लियाकत अली, क्रिकेट एसोसिएशन अध्यक्ष गिरीश धवन, केवल सती, बीएस मनकोटी, जगदीश वर्मा, दर्शन रावत, अजीत कार्की, गिरीश मल्होत्रा आदि थे। प्रतियोगिता की विजेता टीम को इनाम में ढाई लाख और उप विजेता को एक लाख रुपये की नकद राशि समेत ट्रॉफी दी जाएगी। मैन ऑफ द सीरीज चुने जाने वाले खिलाड़ी को आयोजकों की ओर से दोपहिया वाहन देने की घोषणा की गई है।