विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश) में आयोजित सब जूनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में अल्मोड़ा के खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण, तीन कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। यहां शारदा पब्लिक स्कूल अल्मोड़ा की छात्रा अनुपमा ने दोहरा खिताब जीतकर इतिहास रचा। इससे पहले यह कारनामा 2012 में सिर्फ लक्ष्य सेन ने करके दिखाया था।
उत्तराखंड राज्य बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव बीएस मनकोटी ने बताया अंडर-13 बालिका एकल और युगल दोनों स्पर्धाओं में अनुपमा उपाध्याय ने स्वर्ण पदक जीतकर अल्मोड़ा और प्रदेश का नाम रोशन किया। अनुपमा ने तेलंगाना की मेघना रेड्डी को सीधे सेटों में 21-19, 21-19 से पराजित किया। युगल में अनुपमा और अवंतिका की जोड़ी ने तेलंगाना की श्रेया और तमिलनाडु की प्रवीण की जोड़ी को 21-8, 21-16 से पराजित कर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। राज्य बनने के बाद यह पहला अवसर है कि बालिका वर्ग में अनुपमा ने दोहरा खिताब अपने नाम किया। इससे पूर्व 2012 में पटना में हुई सब जूनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप के बालक वर्ग में उत्तराखंड के लक्ष्य सेन ने दोनों खिताब जीते थे। अवंतिका पांडेय ने अनुपमा के साथ युगल में स्वर्ण पदक जीता।
अंडर-15 एकल में स्नेहा रजवार ने कांस्य, अंडर-13 युगल में शिवम मेहता, प्रणव शर्मा की जोड़ी ने भी कांस्य पदक जीता। अंडर-15 बालिका एकल में स्नेहा रजवार सेमी फाइनल में कड़े संघर्ष के बाद वेस्ट बंगाल की उत्सवा पल्लित से 12-21, 21-16, 13-21 से पराजित हुई। उन्हें कांस्य पदक पर संतोष करना पड़ा। अंडर-13 बालक युगल में शिवम मेहता, प्रणव शर्मा की जोड़ी को प्रतियोगिता के शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी तेलगना के विष्णु पुल्लेला गोपीचंद, प्रणव राज की जोड़ी से 18-21, 18-21 से हार का सामना कर कांस्य पद पर संतोष करना पड़ा। पदक जीतने वाले सभी खिलाड़ी साईं कोच डीके सेन के निर्देशन में स्थानीय स्टेडियम में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।