बीटीकेआईटी में खेल स्पर्धा में शिरकत करते बच्चे। अमर उजाला
- फोटो : RANIKHET
द्वाराहाट(अल्मोड़ा)। बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीटीकेआईटी) में दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताएं 2019 शुरू हो गई हैं। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि संस्था निदेशक डॉ. बीएम मिश्रा ने कहा कि खेलों का जीवन में महत्वपूर्ण स्थान होता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को अपने व्यस्त जीवन शैली में कुछ समय खेलों के लिए निकालने की सलाह दी। क्रीड़ा प्रभारी डॉ. अरविंद भट्ट ने प्रतिभागियों से खेल भावना के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की अपेक्षा जताई। प्रतियोगिताओं तहत
पहले दिन छात्राओं की बालीबॉल प्रतियोगिता में तृतीय वर्ष की छात्राओं ने द्वितीय वर्ष की छात्राओं को 2 सेटों में 25-12, 25-10 से पराजित किया। बास्केटबॉल बालक वर्ग में बीटेक अंतिम वर्ष ने तृतीय वर्ष को हराया। क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में सिविल इंजीनियरिंग की टीम ने केमीकल इंजीनियरिंग टीम को पराजित किया। बास्केटबॉल छात्रा वर्ग में अंतिम वर्ष ने द्वितीय वर्ष की छात्राओं को हराया।
कैरम प्रतियोगिता महिला एकल मुकाबले में अंतिम वर्ष की सुमन गुणवंत ने तृतीय वर्ष की शिवांगी रावत को पराजित किया। इस अवसर पर क्रीड़ा अधिकारी डॉ. एस बिष्ट, प्रो.लता बिष्ट, डॉ.आरके पांडेय, एके शर्मा, चारू तिवारी, आरसी जोशी समेत समस्त विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी आदि उपस्थित थे।