तहसील क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज मानिला के वार्षिकोत्सव में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोकसंस्कृति के रंग बिखेरे। मुख्य अतिथि सल्ट के विधायक सुरेंद्र सिंह जीना ने विद्यालय में विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से दो लाख रुपये देने की घोषणा की।
वार्षिकोत्सव में छात्र-छात्राओं ने कुमाऊंनी, गढ़वाली, पंजाबी, हरियाणवी आदि लोक गीतों, लोक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। नाटकों के माध्यम से कुरीतियों पर कटाक्ष किया। जीना ने कहा कि विद्यार्थियों, युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना होगा। इससे पूर्व जीना का विद्यालय में पहुंचने पर स्कूली बच्चों, अभिभावकों ने स्वागत किया।
प्रधानाचार्य बिशन सिंह रावत ने विद्यालय की प्रगति आख्या प्रस्तुत की। कार्यक्रम में खंड शिक्षाधिकारी जीआर गौतम, बीएस रावत, नारायण सिंह रावत, देवकी देवी, प्रताप रावत, जगदीश आर्या, राधा देवी, देवी दत्त, नवीन चंद्र सिराड़ी आदि मौजूद थे।