फोटो- 26एएलएम16पी- रानीखेत में कार्य बहिष्कार करते अभियंता। स्रोत- संघ
रानीखेत (अल्मोड़ा)। लोनिवि निर्माण खंड के अभियंताओं के निलंबन आदेश के बाद उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों में काफी आक्रोश है। इसी के विरोध में अभियंताओं ने काला फीता बांधकर कार्यस्थल बहिष्कार शुरू कर दिया। तय किया गया है कि यह बहिष्कार 29 नवंबर तक जारी रहेगा।
बुधवार को लोनिवि विश्राम गृह परिसर में संघ के सदस्यों ने एकत्र होकर जोरदार नारेबाजी की और निलंबन आदेश को तुरंत वापस लेने की मांग उठाई। रानीखेत इकाई के साथ-साथ जनपदीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी सामूहिक रूप से प्रदर्शन में हिस्सा लिया। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि यह बहिष्कार मंडल कार्यकारिणी के दिशा–निर्देश पर चल रहा है। बहिष्कार के बाद अगली रणनीति भी मंडल कार्यकारिणी के निर्णय के अनुसार ही तय की जाएगी।
उन्होंने कहा कि विभागीय कार्रवाई मनमानी प्रतीत होती है और इससे अभियंताओं में असंतोष बढ़ रहा है। विरोध प्रदर्शन में उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ की स्थानीय इकाई से अभियंता ललित सिंह सिराड़ी, जिला सचिव कमल साह, पंकज कुमार, एई जेसी पांडेय, एमएल वर्मा, केएस बिष्ट, नम्रता बंगारी, बबीता डंगवाल समेत निर्माण, प्रांतीय खंड और राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के अनेक कनिष्ठ अभियंता मौजूद रहे। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि निलंबन आदेश वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जा सकता है।