आंगनबाड़ी कर्मचारियों की मांग पूरी करो
- फोटो : अमर उजाला
रानीखेत/द्वाराहाट। समस्याओं को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। मानदेय वृद्धि सहित आठ सूत्रीय मांगों को लेकर कार्यकत्रियों ने तहसील में धरना प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने कहा कि राजकीय कर्मचारी घोषित करने, मिनी और पूर्ण केंद्रों में मानदेय समान करने, चार सालों से लंबित पदोन्नति पर अविलंब कार्रवाई करने को कहा।
गत वर्षों का रुका हुआ यात्रा भत्ता शीघ्र देने, पदोन्नति में उम्र की बाध्यता समाप्त करने, कार्यकत्रियों को आंगनबाड़ी के अतिरिक्त कार्य नहीं सौंपने, कार्य नियमावली बनाने तथा टेकहोम राशन की धनराशि एनजीओ के खाते में देने, कुक्ड फूड बनाने के लिए गैस संयोजन देने, शीतकाल और ग्रीष्मकालीन अवकाश देने की मांग को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां लंबे समय से मांग कर रही हैं, लेकिन सरकार के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही है।
धरना प्रदर्शन करने वालों में रानीखेत में प्रभा फर्त्याल, राजेश्वरी पांडे, हंसी रावत, उमा जोशी, मंजू देवी, शबनम, गीता बिष्ट, हेमा बिष्ट, द्वाराहाट में कमला खोलिया, उमा अधिकारी, शांति भट्ट, पुष्पा तिवारी, चंद्रा रौतेला, जीवंती तिवारी, सराजे पांडे, बीना पांडे, शकुंतला शाह, तुलसी हर्बोला सहित तमाम मौजूद थी।