नवीन प्राइमरी स्कूल दाड़िमखेत में तैनात दो शिक्षक पिछले माह से स्कूल नहीं पहुंच सके हैं। आंगनबाड़ी कार्यकत्री ही स्कूल खोलकर बंद कर रही है। जिससे नाराज ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से इन शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
नवीन प्राइमरी स्कूल दाड़िमखेत ब्लाक मुख्यालय से 35 किमी दूर है। स्कूल में तैनात दोनों शिक्षकों ने ब्लाक मुख्यालय में किराए का मकान ले रखा है। गांव की प्रधान कांतुली बिष्ट ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, एसडीएम को भेजे शिकायती पत्र में कहा है कि दोनों शिक्षक पिछले माह से स्कूल नहीं आ रहे हैं। इससे स्कूल में पढ़ने वाले 34 बच्चों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा है कि शिक्षकों के स्कूल न आने की शिकायत पहले भी बीईओ से की गई लेकिन अभिभावकों की समस्या नहीं सुलझ सकी है। तब से गांव की आंगनबाड़ी कार्यकत्री ही स्कूल खोलने को मजबूर है। जिपं उपाध्यक्ष देवेंद्र परिहार ने आरोपी शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, अन्यथा अभिभावक आगामी शिक्षा सत्र में दोनों शिक्षकों को स्कूल में नहीं आने देंगे। जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक हीरालाल गौतम ने बताया कि बीईओ से मामले की जांच करने को कहा गया है। वहीं एसडीएम चंदन सिंह डोबाल ने बताया कि दाड़िमखेत में शिक्षकों के अनुपस्थित रहने की शिकायत मिली है। जांच के बाद दोनों शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।