जन्माष्टमी महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते कलाकार।
- फोटो : अमर उजाला
श्री राम सांस्कृतिक और सामाजिक सेवा समिति के तत्ववाधान में जीआईसी मैदान में सात दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी सावन महोत्सव में शुक्रवार दिन में ऐपण, फुटबाल प्रतियोगिता, बच्चों की गायन और नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इधर बीते बृहस्पितवार देर रात को स्टार नाइट कार्यक्रम में स्थानीय और बाहर से पहुंचे लोक गायकों ने अपने लोक गीतों के जरिए दर्शकों को झूमने को मजबूर कर दिया।
बीती रात लोक गायक अमित सागर ने चैता की चत्वाला और ता झूमा झूमा रिंगतालो गाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इस दौरान दर्शक मैदान में भी झूमने लगे। इसके अलावा गायक ललित प्रकाश ने अब राधे रानी दे डारो मोरी बंसी, प्रह्लाद मेहरा ने देवी भगवती मैय्या तेरे दरबार आयो.... तथा चांदी बटना दाज्यू कुर्ती कालर मां गाकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। प्रभाकर जोशी ने भी भगवान कृष्ण से संबंधित गानों को गाया। जबकि बांसुरी वादक मोहन जोशी ने सावरे की बंशी को बजने से काम, लोग करें मीरा को यूं ही बदनाम गाने में बांसुरी वादन किया। आंचल लोक सांस्कृतिक उत्थान समिति हल्द्वानी के कलाकारों ने पंचमुखी हनुमान, शिव पार्वती, अघोरी, महाकाली की झांकी और फूलों की होली का प्रस्तुतीकरण किया। इससे पहले विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व विधायक मनोज तिवारी तथा पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का उद्घाटन किया। महोत्सव के दौरान मैदान में विभिन्न विभागों के स्टाल और बच्चों के लिए झूले भी लगे थे। कार्यक्रम स्थल में देर रात तक जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसडीएम विवेक रॉय समेत गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुख्य कार्यक्रम संयोजक राजेंद्र तिवारी ने बताया कि शुक्रवार रात को स्टार नाइट में जितेंद्र तोमक्याल, संस्कार टीम , गायक महिपाल मेहता और प्रियंका राजन प्रस्तुति देंगे। संचालन गीतम भट्ट ने किया।