अल्मोड़ा-चितई-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग में लगा जाम। संवाद
अल्मोड़ा। लगातार बढ़ रही पर्यटकों की संख्या के कारण चितई क्षेत्र में जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है। एक घंटे तक भयानक जाम लगने से एंबुलेंस के साथ-साथ पर्यटकों के वाहन फंसे रहे। लोगों ने हर रोज लग रहे जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
शनिवार को चितई मंदिर के आसपास आड़े- तिरछे खड़े वाहनों के कारण 11.30 बजे से 12.30 बजे तक भयानक जाम लगा रहा है। जाम में दन्या की ओर से अल्मोड़ा की एक रोगी को लेकर आ रही एंबुलेंस भी फंसी रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर और बाजार आने वाले व्यक्ति अपने वाहनों को सड़क के किनारे आड़े-तिरछे खड़े कर देते हैं। अतिक्रमण के कारण सड़कों की चौड़ाई कम हो गई है। इसलिए हर वक्त जाम लगा रहा है। छुट्टी का दिन होने के कारण अन्य दिनों की तुलना में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही। यहां तैनात पुलिस और होमगार्ड कर्मियों ने कड़ी मशक्त के बाद जाम खोला। लोगों ने हर रोज लग रहे जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।