रविवार सुबह नैनीताल जा रही एक आल्टो धारानौला मार्ग में दुगालखोला के पास 25 मीटर नीचे लुढ़क गई। दुर्घटना में वाहन सवार तीन यात्री घायल हो गए। उन्हें बेस अस्पताल ले जाया गया। जैंती से आल्टो (यूके-04-टीए-4439) रविवार सुबह नैनीताल जा रही थी। धारानौला मार्ग में दुगालखोला के पास कुत्ते को बचाने के प्रयास में चालक संतुलन खो बैठा और कार सड़क से 25 मीटर नीचे लुड़क गई।
संयोग से कार दुगालखोला निवासी शेखर जोशी के मकान में अटक गई। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। कार गिरने से उनके मकान की चहारदीवारी भी क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में बिड़ला चुंगी नैनीताल निवासी देव सिंह (45) पुत्र बुद्धि सिंह, मुकेश बिष्ट (27) पुत्र हीरा सिंह, दीपक सिंह (28) पुत्र गंगा सिंह घायल हो गए।
जबकि चालक सुंदर सिंह को चोट नहीं पहुंची। कोतवाल पूरन चंद्र भट्ट, एसआई कुंदनसिंह रौठार आदि पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। तीनों घायलों को बेस अस्पताल उपचार के लिए ले जाया गया। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी।
इधर टैक्सी यूनियन के उपाध्यक्ष और क्षेत्र पंचायत सदस्य गणेश सिंह बिष्ट का कहना है कि सड़क किनारे पैराफिट नहीं होने से इस स्थान पर दुर्घटना हुई। उन्होंने लोनिवि से मार्ग के किनारे पैराफिट अथवा स्टील गार्डर लगाकर उसमें रेडियम की पट्टी लगाने की मांग की है ताकि अंधेरे और कोहरा होने पर वाहन चालकों को सुविधा हो सके।