अल्मोड़ा। आल्पस फार्मास्यूटिकल्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में काम करने वाले सभी कर्मचारी जुलूस की शक्ल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गए और उन्होंने पूर्व निदेशक पर अभद्र व्यवहार और गाली-गलौच करने का आरोप लगाया। एसएसपी ने कोतवाल को इस मामले की जांच के आदेश दिए। दूसरी तरफ पूर्व निदेशक ने भी वहां के कुछ कर्मचारियों पर आवास में आने-जाने के दौरान अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।
आल्पस फार्मास्यूटिकल्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के सभी कर्मचारी शुक्रवार को जुलूस की शक्ल में एसएसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एसएसपी को संयुक्त हस्ताक्षरित ज्ञापन देकर आरोप लगाया कि फैक्ट्री के पूर्व निदेशक श्रमिकों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। जिससे उनमें भय व्याप्त है और काम करने में दिक्कत हो रही है। फैक्ट्री में कार्यरत एक अन्य व्यक्ति ने भी पूर्व निदेशक पर गौली गलौच करने का आरोप लगाया।
एसएसपी केएस नगन्याल ने कोतवाल पीएल वर्मा को कर्मचारियों की शिकायत की जांच के आदेश दिए। इधर कोतवाल श्री वर्मा ने बताया है कि पूर्व निदेशक ने भी कंपनी के कुछ कर्मचारियों के खिलाफ अभद्र व्यवहार करने की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों से मिली शिकायतों की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।