अल्मोड़ा। जिला अस्पताल में एक बार फिर रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर रहने से मंगलवार को अल्ट्रासाउंड बंद रहे। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड नहीं होने से मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिसके चलते कई मरीजों को बेस या फिर निजी क्लीनिकों में अल्ट्रासाउंड करवाने पड़े।
जिला अस्पताल में एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट डॉ. कुसुम लता मंगलवार को अवकाश पर रहीं। बतादें कि अस्पताल में एक ही रेडियोलॉजिस्ट है, इसके अलावा महिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट का पद स्वीकृत ही नहीं हैं। हालांकि बेस अस्पताल में अल्ट्रासाउंड होते हैं, लेकिन फिर भी अधिकांश मरीजों को जिला अस्पताल पर ही निर्भर रहना पड़ता है। इधर एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर रहने से व्यवस्था पूरी तरह ठप रही।
अस्पताल में सुबह दूर-दराज क्षेत्रों से अल्ट्रासाउंड के लिए कई मरीज पहुंचे, लेकिन अल्ट्रासाउंड नहीं होने से उन्हें वापस लौटना पड़ा। जिसके चलते कई मरीज पांच किमी दूर बेस अस्पताल में या फिर निजी अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कराने के लिए मजबूर रहे।