अल्मोड़ा। कोसी बैराज बन जाने के बाद पर्याप्त पानी उपलब्ध है, लेकिन जल संस्थान अब भी जनता को जरूरत का पानी भी सप्लाई नहीं कर पा रहा है। पानी नहीं आने का कारण पूछने पर विभाग के अधिकारी अपनी नाकामी छुपाने को नदी में सिल्ट आने के कारण पंपिंग नहीं हो पाना बताते हैं। बारिश के समय तो केवल कोसी ही नहीं सभी नदियों में मिट्टी बह कर आती है, अन्य पंपिंग योजनाएं तो हमेशा चालू रहती हैं। लोगों का कहना है कि नई तकनीक और नदी में पानी होने के बावजूद लोगों को पानी मुहैया नहीं करा पाना विभाग की घोर नाकामी है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि बरसात में तो रोज ही बारिश होगी, तो ऐसे में क्या रोज ही पेयजल आपूर्ति ठप रहेगी।