अल्मोड़ा अर्बन कोऑपरेटिव बैंक लि. के सचिव और महाप्रबंधक पीसी तिवारी ने कहा है कि बैंक 50 शाखाओं के माध्यम से ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं दे रहा है।
बैंक की 24वीं वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक में उन्होंने कहा कि बैंक की कार्यशील पूंजी में पिछले साल की तुलना में 154.93 करोड़ की बढ़ोतरी हुई है, जो अब बढ़कर 2126.98 करोड़ हो गई है।
बैंक का शुद्ध लाभ 22.95 करोड़ रहा है, जो गत वर्ष की तुलना में 7.71 करोड़ अधिक है। अंशधारकों को 16 फीसदी लाभांश देने की घोषणा की गई।
तिवारी ने कहा कि बैंक अभूतपूर्व प्रगति की ओर अग्रसर है। 2016 में बैंक का व्यवसाय तीन हजार करोड़ करने का लक्ष्य रखा गया है। निक्षेपों में पिछले साल की तुलना में 168.63 करोड़ की वृद्धि हुई है, जो अब 1844.14 करोड़ है।
बैंक की निजी पूंजी 208.97 करोड़ पहुंच गई है। ग्रॉस एनपीए तीन फीसदी और नैट एनपीए शून्य है। बैंक कुल लोन का करीब 61.13 फीसदी प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्र में देकर देश की प्रगति में योगदान दे रहा है।
बैंक द्वारा प्रत्यक्ष रूप से 732 लोगों को रोजगार दिया गया है। उन्होंने बताया कि गत 31 मार्च तक बैंक की 945.40 करोड़ की धनराशि सरकारी प्रतिभूतियों में भारतीय रिजर्व बैंक के पास विनियोजित की गई है।
बैंक ने 2014-15 में 12.80 करोड़ से अधिक का अग्रिम आयकर जमा किया है। बैंक ने विभिन्न स्थानों पर 18 एटीएम लगवाए हैं।
बैंक राज्य का प्रथम सहकारी क्षेत्र का बैंक है जो भारतीय राष्ट्रीय भुगतान नियम (एनपीसीआई) का प्रत्यक्ष सदस्य है। बैंक ग्राहकों को आरटीजीएस, एनईएफटी, एसएमएस अलर्ट सुविधा भी दे रहा है।
बैंक के अध्यक्ष आनंद सिंह बगड़वाल ने सहयोग के लिए सभी का आभार जताया। वहां उत्कृष्ट कार्यों के लिए बैंक के महाप्रबंधक तिवारी, सहायक महाप्रबंधक आनंद सिंह सौंतियाल को पुरस्कृत किया गया।
बैठक में उपाध्यक्ष सुनील कुमार अग्रवाल, बैंक संचालक लीला टम्टा, डॉ. सुशील कुमार गुरुरानी, प्रभा साह, आभा वर्मा, मो. मुमताज, डॉ. वीएन सिंह, श्याम लाल गंगोला, लक्ष्मण लाल वर्मा, विशन दत्त सनवाल, नयन राम, विशेष आमंत्रित सदस्य आनंद सिंह ऐरी, गिरीश धवन, कमलेश बिष्ट, गोविंद लाल वर्मा, प्रकाश चंद्र पांडे आदि मौजूद थे।