अल्मोड़ा। कोरोना की दूसरी लहर में पुलिस का मानवीय चेहरा सामने आ रहा है। मासी पुलिस ने एक बीमार व्यक्ति को पीपीई किट पहन डोली से कई किमी दूर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई।
ग्राम चौना निवासी सुभाष बिष्ट ने पुलिस को फोन पर गांव के एक व्यक्ति का स्वास्थ्य बहुत खराब होने की सूचना दी। बताया कि व्यक्ति की तबियत बहुत खराब हो गई है, उसे सांस लेने में तकलीफ हो रही है।
गांव वाले संक्रमण के भय से उसके पास नहीं जा पा रहे हैं। कोई भी उसे हाथ तक लगाने से डर रहा है। सूचना पर मासी चौकी प्रभारी एसआई सुनील धानक, कांस्टेबल दीपक सक्टा, सुभाष बिष्ट मौके पर पहुंचे।
संवेदनशीलता को समझते हुए पीपीई किट पहनकर पुलिस मौके पर पहुंची और बीमार व्यक्ति को डोली में बैठाकर कंधे में रखकर कई किमी दूर अस्पताल ले गई। इससे पूर्व पहले भी पुलिस ने रानीखेत में एक संक्रमित मृतक की अंत्येष्टि की, जबकि एक अन्य अधेड़ को अस्पताल पहुंचाया था।