फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अल्मोड़ा को भी सीपीयू की दरकार

Sat, 11 Jul 2015 11:28 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो, अल्मोड़ा
विज्ञापन
विज्ञापन
चाहे दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट पहनने का मसला हो या फिर पॉलीथिन के थैले में सामान बेचने पर रोक का आदेश, इस शहर में कोई नियम-कानून मान्य नहीं हैं। हालत यह है कि यहां पुलिस-प्रशासन के अधिकारी शासन के आदेश तो दूर हाईकोर्ट के निर्णयों का पालन करवाने के लिए भी सजग नहीं हैं। इसका परिणाम यह है कि यहां हेलमेट के बगैर दोपहिया वाहन दौड़ते रहते हैं। दूसरी तरफ हाईकोर्ट की रोक के बावजूद बाजार में पॉलीथिन के बैगों में  सरेआम सामान बेचा जा रहा है।
विज्ञापन


अल्मोड़ा से लगे नैनीताल जिले में हेलमेट के बिना दोपहिया वाहन चलाना पूरी तरह बंद है। हल्द्वानी जैसे बड़े शहर में तक किसी भी गली में आप हेलमेट के बगैर दोपहिया वाहन नहीं चला सकते। नैनीताल जिले के अन्य नगरों में भी इसी तरह की सख्ती हो रही है, लेकिन पड़ोस के अल्मोड़ा की हालत देखने से ऐसा लग रहा है कि जैसे यह किसी अन्य राज्य का जिला हो। जिला मुख्यालय में पूरे दिन हेलमेट के बगैर वाहन दौड़ते रहते हैं। कई बार तो खुद पुलिस कर्मी भी बगैर हेलमेट के वाहन चलाते देखे जा सकते हैं।

कुछ माह पहले हाईकोर्ट के आदेश के बाद कुछ दिनों तक पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन कुछ ही दिनों में यह अभियान ठप पड़ गया। यहां नाबालिग बच्चे भी लाइसेंस के बगैर दोपहिया वाहन चलाते रहते हैं। दोपहिया वाहनों को इस तरह की छूट मिलने से नगर में अलग तरह के अपराध भी बढ़ रहे हैं। मालूम हो कि लापरवाही से बाइक चलाने के कारण बीते दिनों ग्यारहवीं में पढ़ने वाले एक छात्र की मौत हो गई थी। दोपहिया वाहन चलाने वाले नाबालिग बच्चे वाहन लेकर कहां-कहां निकल जाते हैं यह खुद उनके अभिभावकों को भी पता नहीं होता। 
विज्ञापन


यह भी उल्लेखनीय है कि हाईकोर्ट ने पॉलीथिन के बैग में सामान बेचने पर भी रोक लगाई है। पॉलीथिन के बैग में सामान देने पर बीते दिनों नैनीताल जिले में एक मॉल के अलावा कई व्यवसायियों पर लाखों का जुर्माना ठोक दिया गया पर अल्मोड़ा जिले में कोर्ट के इस आदेश का भी खास असर नहीं दिखाई पड़ रहा है। कुछ दिन रोक के बाद इन दिनों बाजार में कई सब्जी फल आदि विक्रेता पॉलीथिन में सरेआम सामान बेच रहे हैं।   

हेलमेट के बिना दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। हर रोज चालान काटे जा रहे हैं। अगर कोई नाबालिग बच्चे दोपहिया वाहन चलाते पकड़े गए तो संबंधित बच्चों के अभिभावकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पॉलीथिन बैगों में सामान बेचने के मामले में प्रशासन स्तर से कार्रवाई की जाएगी।  
विज्ञापन

केएस नगन्याल पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें