अल्मोड़ा। बेस चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक बृहस्पतिवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें वर्ष 2020-21 के लिए 1.76 करोड़ बजट के प्रस्ताव को मंजूरी मिली। यह बजट औषधि, मजदूरी, कार्यालय के विभिन्न कार्यों पर खर्च होगा। इस बैठक में अन्य कार्यों की भी समीक्षा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि बेस चिकित्सालय में कोरोना जांच के लिए अजीम प्रेमजी फाउंडेशन ने मशीन दिलाई है। इसे जल्द स्थापित किया जाएगा। इसके लिए लैब टेक्नीशियन की ट्रेनिंग कराई जाएगी। यह मशीन जून से संचालित होने की उम्मीद है। चिकित्सालय में खराब उपकरणों को समिति के माध्यम से निष्प्रयोज्य करने की भी अनुमति दी गई। सफाई समेत व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि अस्पताल में कोविड-19 रोगियों के लिए 138 बेड लगाए गए हैं। इनमें से 30 बेड ऑक्सीजनयुक्त हैं। पांच वेंटिलेटर की डिमांड की गई है। इनके जल्द मिलने की उम्मीद है। नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने सभी कोरोना योद्धाओं की सराहना की। बैठक में सीडीओ मनुज गोयल, सीएमओ डॉ. सविता हयांकी, पीएमएस बेस डॉ. एससी गड़कोटी, मुख्य कोषाधिकारी गुलफाम अहमद, समिति के सदस्य अशोक पांडे, दीप चंद्र टम्टा, आनंद सिंह कनवाल, रोहित कनवाल आदि रहे।
अल्मोड़ा। डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने कोरोना संक्रमण के बीच लोगों से जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि संक्रमण से डरने की जरूरत नहीं है। किसी को भी यदि इसके लक्षण आते हैं तो वह जागरूक व्यक्ति बनकर इसकी जांच के लिए आगे आए। इसके लिए प्रशासन से हर तरह का सहयोग भी लिया जा सकता है।