चौघानपाटा में धरने पर बैठे आप कार्यकर्ता।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा को कुमाऊं मंडल से हटाकर गैरसैंण कमिश्नरी में जोड़ने के फैसले से आम आदमी पार्टी में भारी रोष है। सोमवार को दूसरे दिन भी आप के प्रदेश उपाध्यक्ष अमित जोशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने चौघानपाटा में धरना दिया। सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इससे पूर्व रविवार रात भी कार्यकर्ता धरने पर डटे रहे। हस्ताक्षर अभियान के तहत भी लोगों ने धरने को समर्थन दिया।
प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने गैरसैंण को तीसरी कमिश्नरी घोषित कर अल्मोड़ा को शामिल करने का जनविरोधी फैसला लिया है। सरकार ने अल्मोड़ा और कुमाऊं की जनता से विश्वासघात किया है। कुमाऊं का मस्तक सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा को कुमाऊं से अलग कर यहां की पहचान को विलुप्त करने की कोशिश की जा रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। रातभर धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक सरकार कमिश्नरी के पेचिदा फैसले को वापस नहीं ले लेती वह धरने पर डटे रहेंगे।
सूबे के नए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत से शीघ्र ही फैसले को वापस लेने और गैरसैंण को कमिश्नरी के बजाय स्थायी राजधानी घोषित करने की मांग की। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष आनंद सिंह बिष्ट, मनोज गुप्ता, एनएल साह, जगमोहन फर्त्याल, नीलम डांगी, अखिलेश टम्टा, प्रकाश भट्ट, नीरज सिंह, रोहित सिंह, दानिश कुरेशी, दिनेश कुमार, सोहित भट्ट आदि मौजूद रहे। उधर आम आदमी पार्टी जागेश्वर इकाई के कार्यकर्ताओं ने भी धरने को समर्थन दिया है।