अल्मोड़ा। जिले में काफी दिनों से गहरा रहा टीके का संकट दूर हो सकेगा। सरकार की ओर से अल्मोड़ा को कुल 21700 डोज टीका आवंटित हुआ है। बुधवार देर रात टीके की खेप पहुंचने की उम्मीद है। इसके बाद नियमित टीकाकरण हो सकेगा।
अल्मोड़ा जिले में इन दिनों टीके की कमी के बीच टीकाकरण में ब्रेक लगा हुआ है। कई टीकाकरण केंद्र टीके की कमी के चलते अस्थायी रुप से बंद पड़े हैं। मंगलवार को भी जिले में गिने-चुने केंद्रों में ही टीकाकरण किया गया। केंद्रों के बंद होने से युवाओं समेत अन्य लोगों को टीकाकरण केंद्र से बैरंग लौटना पड़ रहा है। वहीं पहली डोज लगवा चुके लोगों को दूसरी डोज भी समय पर नहीं लग पाई। इससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि अब जिले में काफी हद तक टीकाकरण की समस्या दूर होने की उम्मीद है। सीएमओ कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार अल्मोड़ा जिले के लिए सरकार की ओर से टीके की 21700 डोजें आवंटित की गई हैं। अल्मोड़ा को कोविशील्ड की 13700 और कोवॉक्सीन की आठ हजार डोजें मिली हैं। टीका लेने के लिए वाहन देहरादून गया है। बुधवार की देर रात जिले में टीका पहुंच सकेगा, जिसके बाद टीकाकरण की समस्या दूर हो सकेगी।
तीन केंद्रों में 45 साल से अधिक उम्र के लोगों को लगेगा टीका
अल्मोड़ा। जिले में युवाओं के टीकाकरण पर ब्रेक लगा हुआ है। मंगलवार को किसी भी केंद्र में 18 से 44 वर्ष के लोगों का टीकाकरण नहीं हुआ। अब बुधवार को भी युवाओं का टीकाकरण ठप रहेगा। मात्र तीन केंद्रों में ही कोवाक्सीन की डोज लग सकेगी। कोविशील्ड लगवाने वालों को फिलहाल एक दिन और इंतजार करना पड़ेगा।
सीएमओ कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को जिले के तीन केंद्रों में मात्र 66 लोगों का टीकाकरण हुआ। इन केंद्रों में मात्र 45 से अधिक उम्र के 60 लोगों को दूसरी और छह को पहली डोज लगी। इन केंद्रों में कोवाक्सीन का टीका ही लग सका। वहीं अब बुधवार को भी स्याल्दे, सल्ट और ताकुला तीन केंद्रों में टीकाकरण किया जाए। इन केंद्रों में भी सिर्फ 45 से अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण होगा।