जिला पंचायत अध्यक्ष पार्वती महरा ने कहा है कि जिला पंचायत को आदर्श जिला पंचायत बनाया जाएगा। जिला पंचायत की आय बढ़ाने के लिए सदस्यों को साथ लेकर हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। 3.49 करोड़ की लागत से चौघानापटा में नवनिर्मित अतिथि गृह (बहुउद्देश्यीय भवन) से जिला पंचायत को प्रतिवर्ष 40 से 50 लाख की आय होगी। साथ ही 25 से 30 लोगों को रोजगार भी उपलब्ध होगा।
पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि चौघानपाटा में ही जिला पंचायत परिसर में आवासीय कक्षों का निर्माण किए जाने के साथ ही धारानौला परिसर में सड़क के किनारे दुकान के ऊपर कमरों का निर्माण किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी सदस्यों की मांग के अनुरूप राज्य वित्त आयोग से प्राप्त अनुदान से संपर्क मार्ग, पुलिया, जल संरक्षण, फील्ड निर्माण, पेयजल योजना, सार्वजनिक शौचालय, जन मिलन केंद्र, बारातघर का निर्माण हो रहा है। जिला पंचायत की परिसंपत्तियों को भी अतिक्रमण से बचाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
दुकानों, भवनों, गैराज, आवासीय कक्षों के किराए में एकरूपता लाने का प्रयास किया गया है, जिससे जिला पंचायत की आय में बढ़ोतरी होगी। दैवीय आपदा, स्पेशल कंपोटनेंट प्लान, सांसद, विधायक निधि आदि से प्राप्त धनराशि से विकास कार्य किए जा रहे हैं। दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी सदस्यों को उचित सम्मान देते हुए सहभागिता से कार्य किए जा रहे हैं। दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, पेयजल, संपर्क मार्ग का निर्माण प्राथमिकता से किया जा रहा है। पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण जिला पंचायत की खाली भूमि को चिन्हित कर गेस्ट हाउसों के निर्माण के लिए शासन से धनराशि की मांग की जा रही है। उन्होंने विकास में मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, विधायक और सीएम के औद्योगिक सलाहकार द्वारा दिए जा रहे सहयोग के लिए आभार जताया है। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष मोहन सिंह महरा, ब्लाक प्रमुख पीतांबर पांडे, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, दीवान सतवाल भी मौजूद थे।