अल्मोड़ा। जिला पंचायत अध्यक्ष पार्वती महरा ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जिला पंचायत की बैठक में उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की सूचना संबंधित क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्यों को दी जाए, ताकि काम में गुणवत्ता और तेजी आ सके। बैठक में रानीखेत स्थित जिला पंचायत की 92 नाली निष्प्रयोज्य भूमि में से 50 नाली न्याय विभाग को बाजार दर पर हस्तांतरित करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, बिजली, लोनिवि, वन, जिला पूर्ति आदि विभागों के अधिकारियों को पूर्व में दर्ज शिकायतों का 15 दिन में निस्तारण करने के निर्देश दिए। श्रीमती मेहरा ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से जीर्ण स्कूल भवन, पेयजल, शौचालय, चहारदीवारी विहीन स्कूलों का चिन्हीकरण कर सूचना देने को कहा। बैठक में पिछली कार्रवाई की पुष्टि की गई और दुकानों के किराए मेें 10 से बढ़ाकर 23 फीसदी बढ़ोतरी का प्रस्ताव पारित किया गया।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समाधान निश्चित अवधि में करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जिला योजना के लिए जो भी प्रस्ताव जिला पंचायत द्वारा उपलब्ध कराए जाएंगे उन्हें परीक्षण कर योजना में शामिल किया जाएगा। सचल चिकित्सा वाहन को जिले के सभी क्षेत्रों में भेजने के लिए रोस्टर तैयार किया जाएगा। सल्ट और भिकियासैंण में 108 वाहन के लिए सीएम ने घोषणा की है। इसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है।
एसएसपी केएस नगन्याल ने भी सदस्यों की शिकायतों का जवाब दिया। सीडीओ प्रकाश चंद्र ने सदन में उठाई गई समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण कर निदान करने का भरोसा दिया। बैठक का संचालन एएमए आशा आर बिष्ट ने किया। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष शिवेंद्र रावत, जलागम प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष दिनेश कुंजवाल, विधायक प्रतिनिधि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मोहन सिंह मेहरा आदि ने विचार रखे। बैठक के अंत में दिवंगत आईएएस अधिकारी अक्षत गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।