अल्मोड़ा। डीएम सविन बंसल ने मध्याह्न भोजन योजना से लाभान्वित सभी स्कूलों में गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि जिन स्कूलों में किचन कम स्टोर कक्ष नहीं बने हैं। उनकी सूची 31 जुलाई तक उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्कूलों में पढ़ाई पर विशेष ध्यान देनेसाथ ही बच्चों की उपस्थित पर पैनी नजर रखने को कहा।
डीएम ने बताया कि हंस फाउंडेशन ने 279 स्कूलों में गैस कनेक्शन उपलब्ध करा दिए हैं। खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि मध्याह्न भोजन में स्थानीय स्वयं सहायता समूहों द्वारा उत्पादित मसाले, दाल, तेल, सब्जी आदि का प्रयोग करें। इससे जहां बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध होगा, वहीं समूहों को भी लाभ होगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी को स्वयं सहायता समूहों की सूची सीईओ को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बीईओ और उप शिक्षा अधिकारियों को एसडीएम के साथ प्रत्येक तीन माह में मिड-डे-मील की समीक्षा करने के लिए निर्देशित किया। बैठक में मध्याह्न भोजन योजना के बजट का भी अनुमोदन किया गया। उन्होंने सभी स्कूलों में हेल्थ कार्यक्रम चलाने पर जोर दिया। सीईओ जगमोहन सोनी ने बताया कि 534 विद्यालयों में स्कूल स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम के तहत 16414 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है।
बीमारियों से ग्रस्त 178 बच्चों में से 166 बच्चों का उपचार करा लिया गया है। रमसा की समीक्षा के दौरान डीएम ने कहा कि वित्तीय अनियमितताओं को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रमसा के निर्माण कार्यों में तेजी लाएं। हाईस्कूल छतीनाखान के भूमि हस्तातंरण के बारे में जानकारी ली और शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक में सीएमओ डॉ. आरसी पंत, डीईओ माध्यमिक एचबी चंद, प्रारंभिक शिक्षा आरएस यादव, जिला कार्यक्रम अधिकारी पीएस बृजवाल, लोनिवि ईई योगेश लाल शैल आदि थे।