युवा कांग्रेस के चुनाव में आपस में उलझते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री, जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री और विधानसभा क्षेत्र इकाई अध्यक्ष के लिए मतदान के अंतिम दिन बृहस्पतिवार को अल्मोड़ा में बनाए गए बूथ में प्रत्याशियों के समर्थकों के मध्य कई बार विवाद और हाथापाई तक हुई। पुलिस ने बीच बचाव कर किसी तरह मामले को शांत किया। इस दौरान लोअर मालरोड में कई बार जाम भी लगा। अल्मोड़ा विधानसभा क्षेत्र मे 1164 सदस्यों में से 631 सदस्यों ने वोट डाले।
लोअर मालरोड स्थित सांगा कांटेज में अंतिम दिन बृहस्पतिवार को अल्मोड़ा विधानसभा क्षेत्र इकाई के सदस्यों के लिए मतदान का दिन निर्धारित था। सुबह आठ बजे यहां पर वोटिंग शुरू हुई, लेकिन कुछ देर बाद ही प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद होने गया। वह अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में सदस्यों से वोट करने के लिए कहने लगे। कुछ समर्थकों के मध्य हाथापाई भी हुई। सूचना मिलने पर कोतवाल चंद्रमोहन सिंह, बेस अस्पताल चौकी प्रभारी संतोष देवरानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बीच बचाव कर उन्होंने मामला शांत किया।
लेकिन बूथ के बाहर समर्थकों के मध्य विवाद चलता रहा। एक बार तो बूथ को जाने वाली सीढ़ियों के शटर तक को गिराना पड़ा। प्रत्याशियों के समर्थकों ने अपने वाहन लोअर मालरोड में आड़े-तिरछे खड़े कर रखे थे। जिससे वहां पर कई बार जाम की स्थिति भी बनी। दूसरी ओर युवा कांग्रेस के जिला निर्वाचन अधिकारी नटवर सिंह का कहना है कि मतदान सुचारू रूप से चलता रहा और बूथ के बाहर समर्थकों के मध्य कुछ विवाद हुआ।