अल्मोड़ा। हाथरस और बलरामपुर में यौन उत्पीड़न कर युवतियों की हत्या की घटनाओं से महिला संगठन समेत अन्य संगठन भड़क उठे हैं। महिला संगठनों ने शुक्रवार को चौघानपाटा में एकत्र होकर मोदी और योगी सरकार का पुतला जलाकर विरोध जताया।
उन्होंने कहा कि हाथरस, बलरामपुर समेत कई जिलों में लड़कियों और महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म, यौन शोषण कर हत्या की घटनाएं हो रही हैं, जो कि पुलिस की लापरवाही का परिणाम है। महिलाओं ने यूपी की योगी और केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराध रोकने में असफल रही है।
बाद में महिला अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए सरकारों की निर्देशित करने समेत आठ सूत्री मांगों को लेकर राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा गया। वहां हुई सभा में अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति (एडवा) की प्रदेश अध्यक्ष सुनीता पांडे, जिला अध्यक्ष मुन्नी प्रसाद, चिंतन संस्था की आशा देवी, महिला समिति की अध्यक्ष तारा पंत, शिल्पकार वेलफेयर सोसायटी की जिला अध्यक्ष रीता आर्या, ग्रीन हिल्स की वसुधा, किसान सभा के जिला अध्यक्ष दिनेश पांडे, नौजवान सभा के यूसुफ तिवारी, मुमताज, मानसी आर्या ने विचार रखे। प्रदर्शन में भानु पांडे, जया पांडे, अंजलि आर्य, प्रीति आर्य, रितु, किरण राणा, पार्वती रावत, दिशु, ममता देवी, मंजू पंत, कार्तिकेय आदि ने भाग लिया।
पालिका के सफाई कर्मचारी आज रहेंगे कार्य बहिष्कार पर
अल्मोड़ा। युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले को लेकर हाथरस के डीएम और एसएसपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शनिवार तीन अक्तूबर को देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर नगरपालिका अल्मोड़ा के सभी सफाई कर्मचारी और वाहन चालक कार्य बहिष्कार करेंगे। संगठन के प्रदेश महामंत्री राजपाल पवार ने संगठन के सदस्यों से कार्य बहिष्कार को सफल बनाने का आह्वान किया है।