अल्मोड़ा। आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता और कुमाऊं प्रभारी अमित जोशी ने कहा कि केंद्र सरकार का कृषि बिल से किसानों को भारी नुकसान होगा। इससे जमीन पर किसानों के अधिकार सुरक्षित नहीं रह जाएंगे और उनके अस्तित्व को खतरा पैदा होगा।
यहां पत्रकारों से बातचीत में आप के कुमाऊं प्रभारी अमित जोशी ने कहा कि केंद्र सरकार ने लोकसभा में कृषि संबंधित तीन बिल पारित किए हैं। सरकार द्वारा इन विधेयकों को पारित कर इसे कानून का रूप देने का प्रयास किया जा रहा है।
तीनों विधेयक किसान विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि यदि मंडियां खत्म हो गई तो किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं मिल पाएगा। कहा कि विधेयक के अंतर्गत कीमतों को तय नहीं किया जा सकता। जिस वजह से निजी कंपनियां किसानों का शोषण कर सकती हैं।
व्यापारी इसके जरिये फसलों की जमाखोरी करेंगे। जिससे बाजार में अस्थिरता पैदा होगी और महंगाई बढ़ेगी। सरकार को किसान विरोधी विधेयकों पर जल्द से जल्द संशोधन कर निर्णय लेना चाहिए। इन विधेयकों के खिलाफ आप सड़कों पर प्रदर्शन करेगी। यहां विधानसभा प्रभारी नंदन लाल साह, अखिलेश टम्टा, रोहित सिंह, नीरज सिंह आदि मौजूद थे।