भर्ती रैली में जाने वाले युवाओं को प्रशासन उपलब्ध कराएगा सुविधा
बागेश्वर। 20 अगस्त से 31 अगस्त तक रानीखेत में आयोजित अग्निपथ भर्ती रैली में शामिल होने वाले युवाओं की जिला प्रशासन हरसंभव मदद करेगा। एडीएम सीएस इमलाल ने अधिकारियों की बैठक लेते हुए कहा कि जिले के युवाओं को भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने में किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए प्रशासन हरसंभव प्रयास करेगा। भर्ती स्थलों तक आनेजाने के लिए में परिवहन विभाग बस/टैक्सियों की व्यवस्था करेगा।
उन्होंने अधिकारियों से प्रस्तावित भर्ती स्थल के अधिकारियों के नंबर अपने पास रखने को कहा। कहा कि टैक्सी संचालक मनमाना किराया न वसूल सकें। इस पर परिवहन विभाग को खास नजर रखनी होगी। कहा कि अभ्यर्थी किसी भी प्रकार की जालसाजी या दलालों के बहकावे में न आएं। इसके लिए स्थानीय खुफिया इकाइयां सक्रिय रहेंगी। कहा कि टैक्सी स्टैंड, बस स्टेशन के पास बिजली, शौचालय, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था के साथ ही मेडिकल स्टाफ मय एंबुलेंस, पर्याप्त पुलिस बल तैनात हो। बैठक में एसडीएम कांडा मोनिका, डीएसपी एसएस राणा, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी रणजीत सेठ के साथ ही कई विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
अग्निवीर भर्ती के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर दी हैं। युवाओं को ठहराने के लिए छह विद्यालय चयनित किए गए हैं। उचित दामों पर खाने की व्यवस्था के लिए टेंट वालों को जिम्मेदारी दी गई है। सचल दल खाने की गुणवत्ता और ओवर रेटिंग की व्यवस्था देखेगी। सफाई की व्यवस्था छावनी परिषद को सौंपी गई है। भर्ती के लिए पहुंचने वाले अभ्यर्थियों के प्रपत्रों की जांच के लिए प्रशासन ने 14 लोगों की टीम गठित की है। दलालों पर नजर रखने के लिए भी विशेष टीम का गठन किया गया है।
- जयकिशन, संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत।