चौखुटिया (अल्मोड़ा)। एकीकृत आजीविका परियोजना के तहत पटलगांव और अखोड़िया में आयोजित वार्षिक आम सभा में करीब तीन दर्जन ग्राम पंचायतों की महिला समूहों, महिलाओं ने भाग लिया। लोगों को सहकारिता का महत्व बताकर इसके माध्यम से जुड़े समूहों को होने वाले लाभ बताए गए।
कार्यक्रम की तकनीकी एजेंसी आईएफएफडीसी के नवीन द्विवेदी, डीडी यादव ने बताया कि सहकारिता के माध्यम से दोनों क्षेत्रों में करीब 1200 लोगों को जोड़ा गया है। उन्होंने कार्यक्रम का महत्व, उद्देश्य और इससे होने वाले लाभ बताए। पटलगांव में अध्यक्षता कौशल्या देवी, संचालन दीपक शर्मा ने और अखेड़िया में अध्यक्षता यशोदा मेहरा, संचालन पूरन भंडारी ने किया। आम सभा में महिलाओं की मौजूदगी अधिक रही।