रैन बसेरा में रखा टेंट हाउस का सामान।
- फोटो : अमर उजाला
अंधेरगर्दी का इससे बड़ा नमूना और क्या हो सकता है। लाखों रुपये खर्च करने के बाद जिस पर्यटक सूचना केंद्र और रैन बसेरा का निर्माण पर्यटकों की सुविधा के लिए किया गया था, वह टेंट हाउस का गोदाम बनकर रह गया है। वह भी तब जब यात्रा सीजन सिर पर है और पर्यटक क्षेत्र में शौचालय के लिए भटक रहे हैं। यह स्थिति पर्यटन प्रदेश के लिए बेहद शर्मनाक है।
चौखुटिया के द्वाराहाट मोटर मार्ग पर पर्यटकों की सुविधा के लिए 2005 में करीब दस लाख रुपये की लागत से शौचालययुक्त पर्यटक सूचना केंद्र का निर्माण किया गया था। 2012 में फिर लाखों की मोटी रकम खर्च करने के बाद उसी के बगल में रैन बसेरा का निर्माण किया गया है।
पर्यटकों की सुविधा के लिए बनाए गए दोनों केंद्रों के निर्माण के बाद लोगों को उम्मीद थी कि पर्यटक केंद्र के अंदर शौचालय स्नानगृह आदि होने से अच्छी सुविधा के चलते यात्री और पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के साथ ही रोजगार में भी इजाफा होगा, लेकिन संबंधित अधिकारियों द्वारा पर्यटक केंद्रों का संचालन शुरू न करने से लोगों की उम्मीदों पर पानी फिर गया।