सल्ट के रतनकोट में बाघ दिखने की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम। संवाद
मौलेखाल (अल्मोड़ा)। सल्ट के लुहेड़ा गांव में तेंदुए के महिला पर हमला करने की घटना के बाद अब क्षेत्र में बाघ की दहशत है। लुहेड़ा से तीन किमी दूर रतनकोट के ग्रामीणों ने बाघ के घरों तक पहुंचने का दावा किया है जबकि वन विभाग को अब तक न तो तेंदुआ और न ही बाघ कहीं नजर नहीं आया। ऐसे में क्षेत्र के लोग घरों से बाहर निकलने में भी डरने लगे हैं। लुहेड़ा से तीन किमी दूर तनकोट की अनीता देवी ने बताया कि शनिवार सुबह वह घर के पास अपनी गोशाला में पहुंची। अचानक बाघ गोशाला के पास पहुंच गया तो उससे सिर्फ पांच मीटर की दूरी पर था। शोर मचाने पर वह जंगल की तरफ भागा। कुछ देर बाद सुबह 11 बजे के करीब गांव के ही राकेश को बाघ नजर आया। वहीं पूरे दिन कई ग्रामीणों को अलग-अलग जगहों पर बाघ दिखाई दिया। पूर्व सरपंच कैलाश शर्मा ने कहा कि कार्बेट पार्क से सटा होने से क्षेत्र के लोग बाघ और तेंदुए के फर्क से बखूबी परिचित हैं। बताया कि क्षेत्र के लोग घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं। उन्होंने वन विभाग से उचित कदम उठाने की मांग की है। वहीं वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में तेंदुए या बाघ की सक्रियता है, यह जांच का विषय है। लोगों को सतर्कता बरतनी होगी। संवाद
-
लगे हैं दो कैमरा ट्रैप
मौलेखाल। लुहेड़ा गांव में महिला पर हमला करने के बाद तेंदुए की सक्रियता का पता लगाने के लिए वन विभाग ने क्षेत्र में दो कैमरा ट्रैप स्थापित किए हैं, लेकिन अब तक वह इनमें कैद नहीं हो सका। वहीं गांव के पास तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया है लेकिन अब तक वह इसके पास भी नहीं पहुंच सका।
-
रतनकोट के ग्रामीणों ने बाघ दिखने की सूचना दी। मौके पर टीम भेजी गई है जो गश्त कर लोगों की सुरक्षा करेगी। नजर आने वाला जीव बाघ है या तेंदुआ यह जांच का विषय है।
गंगा शरन, रेंजर, सल्ट।