द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय द्वाराहाट में ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हो गई है। महाविद्यालय में बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है जबकि अन्य कक्षाओं में भी नियमित पठन-पाठन प्रारंभ हो गया है।
प्राचार्य डॉ. डीसी पंत ने बताया कि स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों से शीघ्र प्रवेश लेकर नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित होने की अपील की गई है। प्रवेश के साथ ही विद्यार्थियों को परिचय पत्र जारी किए जा रहे हैं व नई कॉलेज यूनिफॉर्म तैयार कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में अनुशासन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने के लिए सभी प्राध्यापकों को नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन करने और छात्र-छात्राओं की उपस्थिति का रिकॉर्ड सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्राचार्य के अनुसार स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए समर्थ पोर्टल पर कुल 251 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। इन अभ्यर्थियों का प्रवेश शुरू हो चुका है और प्रक्रिया जारी है। इस अवसर पर प्रो. नाजिश खान, डॉ. हेमलता, डॉ. बिपिन चंद्र सुयाल, डॉ. शरद भट्ट, डॉ. जया भट्ट, डॉ. रूमा साह, डॉ. उपासना शर्मा, डॉ. अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।
स्याल्दे महाविद्यालय में प्रवेश शुरू
स्याल्दे (अल्मोड़ा)। एसएसजे राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय स्याल्दे में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत बीए और बीएससी प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. निर्मला लोहनी ने बताया कि प्रवेश प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 3 बजे तक किए जाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से सभी आवश्यक प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियां और उनकी छायाप्रतियां साथ लाकर समय पर महाविद्यालय पहुंचने की अपील की।