बग्वालीपोखर में टैंकर पहुंचने के बाद पानी भरते ग्रामीण। अमर उजाला
- फोटो : RANIKHET
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। बग्वालीपोखर क्षेत्र में पेयजल विभाग की घोर लापरवाही के कारण पिछले दो सप्ताह से पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। जिस कारण स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है। जनप्रतिनिधियों ने बुधवार तक मोटर ठीक नहीं होने की स्थिति में जैसे ही चक्काजाम की चेतावनी दी, वहीं एसडीएम ने पानी का टैंकर क्षेत्र में भिजवा दिया, जिससे फिलहाल आक्रोश थम गया है। अब चक्काजाम नहीं होगा।
ग्रामीणों ने कहा कि दो सप्ताह से पानी का हाहाकार मचा हुआ है। लेकिन विभाग के कानों में जूं तक नहीं रेंगी। इससे पूर्व चार जनवरी को जल संस्थान के अधिशासी अभियंता सुरेश ठाकुर ने पांच जनवरी तक आपूर्ति बहाल हो जाने की बात कही थी। लेकिन आज तक खराब मोटर को ठीक नहीं किया गया है। इससे मेल्टा, बग्वालीपोखर मार्केट और अटूज आदि क्षेत्रों में पानी की भारी किल्लत बनी हुई है। बग्वालीपोखर पंपिंग योजना से जुड़े करीब आधा दर्जन गांव में पेयजल हाहाकार मचा है।
इधर, मंगलवार को स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कल आठ जनवरी से चक्काजाम की चेतावनी दी तो एसडीएम आरके पांडेय ने संज्ञान लेते हुए क्षेत्र में पानी का टैंकर भिजवा दिया। कहा कि यदि शीघ्र स्थायी व्यवस्था नहीं हुई तो सड़क में वाहन नहीं चलने दिए जाएंगे।
इस संबंध में उन्होंने थाना प्रभारी द्वाराहाट, उपजिला अधिकारी, द्वाराहाट, जिला अधिकारी अल्मोड़ा एवं पेयजल अधिकारियों को फोन से सूचना दे दी है। मेलटा के ग्रामप्रधान प्रमोद जोशी, ग्राम प्रधान हाट दीपा देवी, ग्राम प्रधान सकुनी लता बिष्ट, ग्राम प्रधान पनेर गाँव हेमा देवी, ग्राम प्रधान भंडरगांव दीपा देवी, बीडीसी सदस्य नवीन कठायत लऔर प्रेमा देवी आदि जन प्रतिनिधियों के नेतृत्व में शीघ्र आंदोलन करने पर भी सहमति बनी।