गरुड़ में वाहनों की चेकिंग करते आरटीओ।
- फोटो : GARUD
गरुड़(बागेश्वर)। सब्जीसेरा (अयारतोली) में सोमवार को हुई मैक्स जीप दुर्घटना और ओवरलोडिंग को लेकर जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। वहीं अभिभावक अपने पाल्यों को किस वाहन से स्कूल भेजने को सोचने को विवश हो गए है। डीएम रंजना राजगुरु के निर्देश पर एआरटीओ ने गरुड़ में 80 वाहनों के कागजात देखे और 30वाहनों का चालान काटा। साथ ही 10 वाहन चालकों के डीएल निरस्तीकरण की कार्रवाई की गई। एआरटीओ ने श्रीराम पब्लिक स्कूल बिनखोली पहुंचकर स्कूल प्रबंध कमेटी और दुर्घटना में घायल बच्चों से घटना के संबंध जानकारी ली।
सब्जीसेरा (अयारतोली) में सोमवार हुई मैक्स जीप दुर्घटना में 17 स्कूली बच्चों के घायल होने के मामले को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लेते हुए एआरटीओ को दुर्घटना के हर पहलू से जांच के निर्देश दिए थे। डीएम के निर्देश पर एआरटीओ हरीश रावल मंगलवार सुबह सात बजे से बैजनाथ तिराहे पर वाहनों की चेकिंग की। सूचना पर ज्यादातर टैक्सी और निजी वाहन स्वामियों ने अपने वाहन खड़े कर दिए। एआरटीओ ने चेकिंग के दौरान 80 वाहनों के कागजातों की जांच कर 30 वाहनों का चालान काटा और 10 चालकों के डीएल निरस्तीकरण की कार्रवाई की। एआरटीओ ने निजी वाहन में स्कूल के बच्चों लाने और ओवरलोडिंग की सूचना देने को कहा।
बस होने पर ही पब्लिक स्कूलों को मिले मान्यता
गरुड़। तहसील क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक पब्लिक स्कूल है। कुछ ही गिने चुने स्कूलों के पास स्कूल बसें उपलब्ध है। जबकि पब्लिक स्कूलों में पांच हजार से अधिक बच्चें अध्ययन रत्त है। ज्यादातर दूर दराज के बच्चें स्कूल टैक्सी वाहनों से स्कूल पहुंचते है। बसपा के युवा नेता देवेंद्र गोस्वामी का कहना है कि शासन प्रशासन को पब्लिक स्कूलों को मान्यता देते समय स्कूल बसों की अनिवार्यता का ध्यान देना चाहिए। तभी पब्लिक स्कूलों को मान्यता देनी चाहिए। एसडीएम जयवर्धन शर्मा ने तहसील क्षेत्र के पब्लिक सभी पब्लिक स्कूल संचालकों से स्कूल बस क्रय करने के निर्देश दिए है।
अभिभावकों ने चालक को किया चोटिल
गरुड़(बागेश्वर)। सब्जीसेरा में सोमवार को हुई मैक्स दुर्घटना से आक्रोशित कुछ अभिभावकों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन के चालक को मारपीट कर चोटिल कर दिया। घायल चालक का बागेश्वर के अस्पताल में उपचार चल रहा है। मैक्स जीप (यूके02टीए0603) का चालक राहुल कुमार निवासी चौरसों वाहन में स्कूल के बच्चों को बैठाकर ला रहा था। सब्जीसेरा में वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दौरान आक्रोशित भीड़ से बचने के लिए वह घटना स्थल से फरार हो गया था। कुछ आक्रोशित अभिभावकों ने देर शाम उसके घर में जाकर उसे मारपीट कर उसे चोटिल कर दिया था। घायल चालक के पिता पुष्कर राम ने बताया कि कुछ अज्ञात लोगों ने घर पर आकर राहुल के साथ मारपीट की। उसका उपचार बागेश्वर में एक अस्तपाल में चल रहा है। संवाद