अल्मोड़ा। जिले के बैंकों में भी आधार सेवा केंद्र खोलने की कवायद तेज होने लगी है। इसके तहत अब जैंती और बाड़ेछीना में बैंकों की ओर से आधार सेवा केंद्र खोलने की तैयारी की जा रही है। अगले माह तक केंद्र खुलने की उम्मीद है। आधार सेवा केंद्र खुलने से क्षेत्र में हजारों की आबादी को लाभ मिल सकेगा।
जैंती और बाड़ेछीना समेत क्षेत्र में दूर-दूर तक कहीं भी आधार सेवा केंद्र नहीं हैं। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। मात्र जैंती तहसील में ही आधार केंद्र न होने से 40 हजार से अधिक की आबादी को 70 किमी दूर आधार संबंधी कार्यों के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर काटने पड़ते हैं। वहीं बाड़ेछीना क्षेत्र के लोग भी मीलों दूर जाने को मजबूर रहते हैं। जिले में उप डाकघरों के अलावा अब तक मात्र आठ बैंकों में ही आधार सेवा केंद्र हैं। अब जैंती और बाड़ेछीना में भी केंद्र खोलने की कवायद की जा रही है। दोनों स्थानों में जिला सहकारी बैंक की ओर से आधार सेवा केंद्र खोले जा रहे हैं। जैंती और बाड़ेछीना में अगले माह से केंद्र खुलने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र की बड़ी आबादी को लाभ मिल सकेगा।
अल्मोड़ा के आठ बैंकों में हैं आधार सेवा केंद्र
अल्मोड़ा। जिले में सिर्फ आठ बैंकों में ही आधार सेवा केंद्र बने हैं। बैंकों में सीएससी के माध्यम से केंद्र बनाए गए हैं। नैनीताल बैंक अल्मोड़ा, एसबीआई अल्मोड़ा, एसबीआई रानीखेत, एसबीआई चौखुटिया, एसबीआई सोमेश्वर, बैंक ऑफ बड़ौदा अल्मोड़ा, सिंडीकेट बैंक अल्मोड़ा, आईसीआईसीआई बैंक अल्मोड़ा में आधार सेवा केंद्र संचालित हैं।
जिला कोऑपरेटिव बैंक की ओर से जैंती और बाड़ेछीना में सीएससी केंद्रों के माध्यम से आधार सेवा केंद्र खोलने की तैयारी की जा रही है। सीएससी को कुछ अनुमति संबंधित औपचारिकताएं पूरी करनी हैं। इसके बाद एक माह के भीतर केंद्र खुलने की उम्मीद है।
-रजनीश कुमार साह, लीड बैंक अधिकारी, अल्मोड़ा।