जागेश्वर (अल्मोड़ा)। दीपावली पर्व को देखते हुए विकासखंड धौलादेवी के पनुवानौला में पुलिस और प्रशासन ने व्यापारियों व टैक्सी चालकों के साथ बैठक की। इसमें त्योहार के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस पटाखे बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पटाखों की दुकानें केवल निर्धारित स्थानों पर ही लगाई जा सकेंगी।
थानाध्यक्ष दन्या दिनेश नाथ महंत ने कहा कि दीपावली के दौरान बाजार में भीड़ बढ़ने की संभावना है। ऐसे में सभी को नियमों का पालन करना होगा। उन्होंने टैक्सी चालकों को सड़क पर अनावश्यक वाहन खड़े नहीं करने और जाम की स्थिति पैदा न होने देने के निर्देश दिए। नियमों का उल्लंघन करने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में चौकी प्रभारी कमित जोशी, तहसीलदार ज्योति धपवाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष गोपाल मेहता, रवि बनौला, हेमंत शाह, जगदीश गैड़ा, मनोहर नेगी, गोपाल सिंह, नीरज जोशी, रोहित गैड़ा, ठाकुर सिंह और दीपक साह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।