अल्मोड़ा। सड़क सुरक्षा अभियान के साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी पुलिस की कार्रवाई जारी है। बुधवार को जिला पुलिस ने यातायात नियमों की अवहेलना करने पर 30 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। दो चालकों के डीएल निरस्त और दो वाहन जब्त कर दिए।
जिले भर में पुलिस ने यातायात नियमों को लेकर सघन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान विभिन्न नियम तोड़ने पर जिला पुलिस ने दो वाहन चालकों के डीएल निरस्तीकरण की संस्तुति दी। दो वाहन जब्त किए गए। इसके अलावा जिले में ट्रैफिक नियम उल्लंघन पर कुल 30 चालकों के चालान काटकर 30 हजार रुपये जुर्माना वसूला। उधर, सोमेश्वर में पुलिस ने नियम तोड़ने वाले 38 लोगों से चालान कर 8800 रुपये का जुर्माना वसूला। इनमें यातायात नियम तोड़ने वाले 13, कोविड नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 और सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान करने वाले 10 लोग हैं। (संवाद)