अल्मोड़ा। शिक्षक बनने की चाह में प्रदेश के 5397 युवाओं ने उत्तराखंड संयुक्त बीएड और एमएड प्रवेश परीक्षा दी। प्रदेश भर में संयुक्त बीएड परीक्षा के लिए 17 और एमएड के लिए तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
एसएसजे विवि की ओर से आयोजित संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए राज्यभर में कुल 5804 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 5352 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। वहीं 452 अभ्यर्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे। एमएड प्रवेश परीक्षा के लिए पंजीकृत 60 अभ्यर्थियों में से 45 ने परीक्षा दी। 15 अभ्यर्थी परीक्षा से गैरहाजिर रहे। इस तरह दोनों प्रवेश परीक्षाओं में कुल 5397 अभ्यर्थी शामिल हुए। विवि के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने परीक्षा को पारदर्शी बनाने के लिए परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
राज्य नोडल अधिकारी और विवि के कुलसचिव डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई। इस दौरान समन्वयक प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट, विवि के सहायक परीक्षा नियंत्रक डॉ. देवेंद्र सिंह धामी, प्रो. रिजवाना सिद्दीकी, प्रो. एसएस पथनी, डॉ. साक्षी तिवारी, डॉ. धनी आर्या, डॉ. गौरव कर्नाटक, डॉ. ललित चंद्र जोशी आदि मौजूद रहे।