सामूहिक दुष्कर्म का चौथा आरोपी पुलिस गिरफ्त में।
- फोटो : amar ujala
तहसील के एक गांव में अनुसूचित जाति की किशोरी से हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में चौथा आरोपी भी गिरफ्तार हो गया है। पांच में से तीन आरोपी दो दिन पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। जबकि एक आरोपी ने बीते दिनों आत्महत्या कर ली थी। पीड़िता के पिता की तहरीर पर राजस्व पुलिस ने गांव के पांच लोगों के खिलाफ पॉक्सो और धारा 376 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। पकड़े गए आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
13 वर्षीय किशोरी के साथ गांव के पांच लोगों द्वारा पिछले एक साल से दुराचार किया जा रहा था। जिसमें गांव के दो सगे भाई, पिता-पुत्र और एक अधेड़ शामिल था। इस बीच किशोरी गर्भवती हो गई थी। जिसके बाद उसे चार दिन पहले जिला महिला अस्पताल लाया गया। जहां उसका प्रसव पीड़ा के बाद सात माह का गर्भपात हो गया।
पीड़िता के पिता की तहरीर पर राजस्व पुलिस ने गांव के पांच लोगों के खिलाफ पॉक्सो और धारा 376 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। 12 जून को अमर उजाला में प्रकाशित इस खबर के बाद जिलाधिकारी ने रेगुलर पुलिस को घटना की जांच के निर्देश दिए थे। जिसके बाद एसएसपी पीएन मीणा ने पुलिस टीम गठित करने के साथ ही मामले की विवेचना महिला थानाध्यक्ष को सौंपी। इसी दौरान चार दिन पूर्व 13 जून को पांच से एक आरोपी चंदन राम आत्महत्या कर ली थी। शनिवार 15 जून को थानाध्यक्ष श्वेता नेगी के नेतृत्व में तीनों आरोपियों महेंद्र कुमार, राजन राम और पंकज आर्य को धारा 376 और पीॅक्सो अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया गया था।
इधर एसएसपी पीएन मीणा के निर्देश पर सोमवार को महिला थानाध्यक्ष श्वेता नेगी के नेतृत्व में चौथे आरोपी मनोज को एनटीडी से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। इधर महिला थाना पुलिस द्वारा घटना के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी किए जाने पर लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।