कलक्ट्रेट में कानून व्यवस्था की बैठक लेते डीएम नितिन सिंह भदौरिया।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के साथ देयकों की वसूली में भी तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में भ्रमण के दौरान वाहनों की चेकिंग के साथ मजिस्ट्रेटी जांच के लंबित प्रकरणों का निस्तारण तेजी से करने, वाहनों के ओवर लोड, ओवर स्पीड पर अंकुश लगाते हुए ऐसे वाहन चालकों के चालान और वाहन सीज करने के निर्देश दिए। जिला कार्यालय में आयोजित कानून व्यवस्था की मासिक बैठक में उन्होंने एसडीएम, पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारियों को लावारिस पड़े वाहनों को अभियान चलाकर तत्काल हटाने की कार्रवाई करने को कहा।
मौसम विभाग की आगामी दो दिनों के भीतर भारी बारिश और बर्फबारी की आशंका को देखते हुए उन्होंने लोनिवि को बर्फबारी और बारिश के दौरान अवरुद्ध मार्गों को जल्द से जल्द खोलने, पूर्ति विभाग को अतिरिक्त खाद्यान्न राशन की दुकानों में रखने के और जिले में पेट्रोल पंपों में पर्याप्त मात्रा में ईंधन और एलपीजी गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहां एडीएम बीएल फिरमाल, संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत एनएस भंडारी, एसडीएम सीमा विश्वकर्मा, अभय प्रताप सिंह, आरके पांडे, मोनिका, सीओ वीर सिंह, तहसीलदार संजय कुमार, सीएमओ डा. विनीता साह, प्रभागीय वनाधिकारी सिविल सोयम केएस बिष्ट आदि थे।