राजकीय महाविद्यालय सोमेश्वर छात्रसंघ में भी एबीवीपी ने कब्जा जमाया है। सभी सात पदों पर एबीवीपी प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। पंकज नयाल अध्यक्ष, राकेश बिष्ट उपाध्यक्ष, नीरज जोशी सचिव, आशीष पांडे कोषाध्यक्ष, तारा देवी छात्रा उपाध्यक्ष, दीपक भैसोड़ा संयुक्त सचिव, बबीता राणा विवि प्रतिनिधि निर्वाचित हुई हैं। पदाधिकारियों ने बाद में समर्थकों के साथ सोमेर में जुलूस निकाला और आतिशबाजी की।
चुनाव प्रभारी उदय कुमार ने आज सभी प्रत्याशियों के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की। प्राचार्य डा. प्रताप सिंह बिष्ट ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। इस मौके पर हुई सभा में नवनिर्वाचित छात्रसंघ अध्यक्ष पंकज नयाल ने कहा कि महाविद्यालय की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे। पेयजल समस्या हल करवाने के साथ ही शिक्षकों की तैनाती करवाई जाएगी। छात्र-छात्राओं को साथ लेकर महाविद्यालय का विकास किया जाएगा। अन्य पदाधिकारियों ने भी छात्र हित में काम करने का वायदा किया।
सहायक चुनाव प्रभारी डा. हरीश चंद्र जोशी, सोनी टम्टा, बरखा रौतेला, निर्मला जोशी, डा. बलदेव राम, अंशुमन साह, मीना नेगी, भगवान सिंह राणा आदि मौजूद थे। बाद में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने समर्थकों के साथ महाविद्यालय से सोमेश्वर बाजार होते हुए चौराहे तक जुलूस निकाला और आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया।