एसएसजे परिसर के केंद्रीय पुस्तकालय से एबीवीपी के संभावित छात्रसंघ अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के स्टीकर किताबें में चिपकने से एनएसयूआई कार्यकर्ता भड़क उठे। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं पर पुस्तकालय के कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने और छात्रों को पुस्तकें में अपने प्रत्याशी के स्टीकर चिपकाकर जबरन बंटवाने का आरोप लगाया है। परिसर निदेशक प्रो. आरएस पथनी का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
केंद्रीय पुस्तकालय में मंगलवार दिन में एबीवीपी के छात्रसंघ अध्यक्ष पद के संभावित प्रत्याशी के स्टीकर किताबों में चिपके मिले। इनमें से एक किताब किसी छात्रा को भी आवंटित हो गई थी। यह सूचना मिलने पर एनएसयूआई कार्यकर्ता केंद्रीय पुस्तकालय पहुंच गए। उन्होंने एबीवीपी पर अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के स्टीकर लगी किताबें बंटाने के आरोप लगाए। धक्का-मुक्की में इस दौरान एक रोशनदान का शीशा भी टूट गया और टेबलों में रखी गई किताबें भी जमीन पर गिर गईं।
एनएसयूआई ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर केंद्रीय पुस्तकालय के कर्मियों के साथ अभद्रता करने का विरोध किया है। उन्होंने परिसर प्रशासन की अव्यवस्था पर कड़ी नाराजगी जताई। बाद में पुस्तकालय अध्यक्ष प्रो. जगत सिंह बिष्ट भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने छात्रों को शांत किया इसके बाद पुस्तकों का वितरण शुरू हुआ। प्रो. बिष्ट ने बताया कि पुस्तकालय कर्मियों की ढ़िलाई के चलते कुछ छात्रों ने किताबों में स्टीकर चिपका दिए। यह गंभीर अनुशासनहीनता है। इस मामले में कार्रवाई के लिए कुलानुशासक को लिखा गया है। इधर परिसर निदेशक प्रो. आरएस पथनी ने कहा कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।