एसएसजे परिसर अल्मोड़ा में भूख हड़ताल पर बैठे एबीवीपी कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
एसएसजे परिसर अल्मोड़ा में एमएससी में सभी विषयों में सीटे बढ़ाने समेत पांच सूत्रीय मांगें पूरी नहीं होने से नाराज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार से परिसर में भूख हड़ताल शुरू कर दी है। कार्यकर्ताओं ने परिसर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी तब तक आंदोलन जारी रहेगा। पहले दिन चार कार्यकर्ता भूख हड़ताल पर बैठे।
इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि परिसर में बीएफए और एमएफए की कक्षाएं अलग-अलग चलाई जाएं। उन्होंने बीएफए और एमएफए में 20-20 सीटे बढ़ाने, बीएससी और एमएससी प्रयोगात्मक विषयों में सीटें बढ़ाने के साथ ही प्रयोगशाला, प्रयोगात्मक उपकरण, फर्नीचर की समुचित व्यवस्था करने की मांग की। बीसीए के विद्यार्थियों को उनके निर्माणाधीन भवन में स्थानांतरित करने की भी मांग की।
बृहस्पतिवार को एसएसजे परिसर में कुमाऊं संयोजक अशोक कनवाल, छात्रसंघ अध्यक्ष अक्षय सुयाल, परिसर मंत्री दिवाकर बिष्ट, कुमाऊं छात्रा प्रमुख श्वेता साह बैठे। धरने पर विनोद लटवाल, मनीष बिष्ट, संजय शर्मा, देवाशीष धानिक, कमल नेगी, दीपक उप्रेती, सुभाष जोशी, विनय तिवारी, अनुनय पांडे, सचिन पवार, गौरव तिवारी, भास्कर पांडे, निशा बिष्ट, शालिनी परगाई, ज्योति मेहरा, हिमानी पाठक आदि बैठे।