वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दलीप सिंह कुंवर ने छात्रों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताई है। उन्होंने कालेज के प्रधानाचार्यों से छात्रों में नशे की प्रवृत्ति रोकने में सहयोग की अपील की है। एसएसपी नगर के स्कूलों के प्रधानाचार्यों और एसएसजे परिसर के प्रवक्ताओं की बैठक ले रहे थे।
उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों से अपेक्षा की कि ऐसे छात्रों को चिन्हित कर अवगत कराएं कि छात्र स्कूल अवधि में अनुपस्थित तो नहीं हो रहे हैं। छात्र नशे के लिए थिनर, स्प्रिट, व्हाइटनर, स्मैक आदि का सेवन तो नहीं कर रहे हैं। 18 वर्ष से कम उम्र के छात्र-छात्राएं मोटरसाइकिल का प्रयोग नहीं करें। दोपहिया वाहन में हेल्मेट का प्रयोग अवश्य किया जाए। स्कूल परिसर की सौ मीटर परिधि में सिगरेट, तंबाकू, गुटखा बेचना प्रतिबंधित है। इसके लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। नशा मुक्ति अभियान और सड़क सुरक्षा अभियान सभी स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कतिपय स्कूल परिसरों के आसपास नशा करने वाले छात्रों की चेकिंग निरंतर की जा रही है। सभी प्रधानाचार्यों से अपील की कि ऐसे छात्रों, व्यक्तियों और समाज का माहौल दूषित करने वालों के संबंध में फोन से सूचित करें, ताकि तत्काल उनके विरुद्ध कार्रवाई ही जा सके। बैठक में प्रधानाचार्यों ने पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस मौके पर डीएसपी आरएस टोलिया, प्रभारी निरीक्षक उत्तम सिंह, आशुलिपिक केएन चौसाली, वरिष्ठ उप निरीक्षक एलआईयू केएस मेहता, थानाध्यक्ष भतरौंजखान अशोक कुमार, परिसर की डीएसडब्ल्यू प्रो. दया पंत, प्राक्टर पीडी भट्ट, लियाकत अली खान, प्रधानाचार्य जीआईसी दिनेश चंद्र, जीजीआईसी की सावित्री टम्टा, हेमा कांडपाल, नीरू पांडे, केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य गोपाल मीणा, जानकी गोस्वामी, बीरशिवा की डा. नीलम उप्रेती, हेमलता वर्मा, कलावती मर्तोलिया, मनीष साह, संतोष जोशी, जयश्री कालेज के कमल पांडे आदि उपस्थित थे।