अल्मोड़ा कलक्ट्रेट में बैठक लेती जिलाधिकारी वंदना सिंह।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। हवालबाग में आगामी आठ और नौ दिसंबर को आजीविका महोत्सव होगा। इसकी तैयारी के लिए डीएम वंदना सिंह ने कलक्ट्रेट में संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने बताया कि महोत्सव में मुख्यमंत्री भी आएंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों को तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
महोत्सव के दौरान होने वाली कार्यशालाओं के लिए उन्होंने आजीविका परियोजना समेत पर्यटन, पशुपालन, उद्यान, कृषि, उद्योग आदि विभागों के अधिकारियों को अपने लाभार्थियों का चयन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इस दौरान विभिन्न स्वरोजगार से संबंधित योजनाओं के लाभार्थियों को ऋण बांटा जाएगा। इन लाभार्थियों का चयन कर आवश्यक औपचारिकताएं समय से पूरी करें।
उन्होंने कहा कि महोत्सव के दौरान विभिन्न विभागीय स्टॉल लगेंगे। इसके लिए विभाग उच्च गुणवत्ता के उत्पादों का चयन करें। फूड फेस्टिवल के लिए विभिन्न होटल और रिजॉर्ट से जुड़े व्यवसायियों से संपर्क करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर अच्छा काम कर रहे एनजीओ और नए उद्यमियों को आमंत्रित कर उनके उत्पादों का प्रदर्शन किया जाए। बैठक में सीडीओ नवनीत पांडे भी थे।